EMRS सुकमा में खेल मैदान से लेकर छात्रावास और भोजनालय तक का किया निरीक्षण, खिलाड़ियों की सुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
जिला प्रमुख नवीन दांदडें | राजधानी से जनता तक
सुकमा। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) सुकमा में प्रस्तावित संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं सहायक आयुक्त श्री हेमंत कुमार सिन्हा ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने खेल मैदान, प्रतियोगिता स्थल, शैक्षणिक ब्लॉक, छात्रावास एवं भोजनालय सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन कर आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

खेल मैदान और प्रतियोगिता स्थलों की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अमित कुमार ने खेल मैदान की स्थिति, साफ-सफाई, खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा प्रतियोगिता के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को खेल मैदान एवं प्रतियोगिता स्थलों को व्यवस्थित रखने के साथ खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से खिलाड़ी शामिल होंगे, ऐसे में आवास, भोजन, खेल मैदान, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
विद्यार्थियों से किया संवाद, पढ़ाई और खेल के लिए किया प्रोत्साहित
कलेक्टर ने विद्यालय के शैक्षणिक ब्लॉक का भी निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई, विद्यालयीन गतिविधियों और खेलों में उनकी रुचि के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलकूद में भी निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कलेक्टर ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
छात्रावास और भोजनालय का भी किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं सहायक आयुक्त ने छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वच्छता, आवास, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। इसके बाद भोजनालय पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता, रसोई की स्वच्छता एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन का भी अवलोकन किया।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों और विद्यालय के विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही रसोई और भोजनालय में स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया।
आयोजन को लेकर विद्यालय में उत्साह का माहौल
विद्यालय के प्राचार्य श्री राजीव कुमार ने कलेक्टर एवं सहायक आयुक्त को संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के आवास, भोजन, खेल सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
EMRS सुकमा में संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता को लेकर उत्साह का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन आयोजन को सफल, व्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।








