मुख्य वक्ता रामनाथ कश्यप ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और वीर गाथाओं से कराया परिचित, भाजपा जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे ने युवाओं से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने का किया आह्वान
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
कोन्टा। शासकीय नवीन महाविद्यालय कोन्टा में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जनजाति गौरव दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति, परंपरा, इतिहास और वीरता की गौरवशाली गाथाओं का स्मरण किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पारंपरिक आदिवासी गीत एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री धनीराम बारसे उपस्थित रहे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में जनजाति सुरक्षा मंच के केंद्रीय टोली सदस्य एवं जनजाति गौरव दिवस के सलाहकार श्री रामनाथ कश्यप ने शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती, भारत माता एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक आदिवासी गीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
जनजातीय समाज का इतिहास शौर्य, संघर्ष और बलिदान की गौरवशाली विरासत : रामनाथ कश्यप
मुख्य वक्ता श्री रामनाथ कश्यप ने अपने संबोधन में भारतीय साहित्य, संस्कृति और जनजातीय समाज के ऐतिहासिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास वीरता, संघर्ष, स्वाभिमान और बलिदान की गौरवशाली परंपराओं से समृद्ध रहा है। उन्होंने मुगलकालीन संघर्षों से लेकर वीरांगना रानी दुर्गावती तथा छत्रपति शिवाजी महाराज के साथ युद्ध करने वाली वीर आदिवासी सेना के पराक्रम का उल्लेख किया।
उन्होंने अंग्रेजी शासन के दौरान कर वसूली और शोषण के विरुद्ध हुए जनजातीय विद्रोहों के साथ बस्तर की धरती पर हुए ऐतिहासिक संघर्षों की वीरगाथाओं को भी साझा किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और पूर्वजों के गौरवशाली इतिहास को जानने तथा उस पर गर्व करने का आह्वान किया।
युवाओं को भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों से प्रेरणा लेने का किया आह्वान
मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष श्री धनीराम बारसे ने भारत माता की जय और भगवान बिरसा मुंडा की जय के उद्घोष के साथ युवाओं में उत्साह का संचार किया। उन्होंने जनजाति गौरव दिवस के महत्व को बताते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, सामाजिक चेतना और स्वाभिमान का प्रतीक है। युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने सोशल मीडिया पर संविधान और आरक्षण को लेकर फैलाए जा रहे कथित भ्रामक प्रचार से सतर्क रहने की अपील की। वहीं बस्तर में नक्सलवाद की समस्या पर अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि नक्सलियों द्वारा जन अदालत के नाम पर निर्दोष लोगों के साथ हिंसा और हत्याएं की जाती रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 31 मार्च तक बस्तर से नक्सलवाद का पूर्ण रूप से खात्मा कर दिया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों एवं महाविद्यालय परिवार की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री कोरसा सन्नू, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता कवासी, महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री पी. विजय, युवा मोर्चा जिला महामंत्री श्री प्रवीण बारसे, महिला मोर्चा जिला महामंत्री श्रीमती अनु बोगम, भाजपा जिला सोशल मीडिया सह-संयोजक श्री रमेश कर्मा, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्री करण कश्यप, महाविद्यालय के प्राचार्य श्री राव एवं कोन्टा बीआरसी श्री वीर भद्र राव मंचासीन रहे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, जनभागीदारी समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, महापुरुषों के योगदान और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।







