मस्तूरी। मस्तूरी विकासखंड के ग्राम जोधरा स्थित तक्षशिला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 26 नवंबर को संविधान दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके बाद पूरे विद्यालय परिसर में संविधान की गूंज सुनाई दी। विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान के आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की महत्ता, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बताया कि संविधान ही वह ग्रंथ है, जो हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है। साथ ही यह भी बताया गया कि अधिकारों के साथ-साथ हमारे कर्तव्य भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने युवाओं से संविधान के प्रति सम्मान रखने, जिम्मेदार नागरिक बनने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज का युवा ही कल का भारत है, इसलिए उसे संविधान को पढ़ना और समझना चाहिए।







