अंदरूनी गांवों तक पहुंचे एसपी मयंक गुर्जर, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद; युवाओं को बस्तर फाइटर्स भर्ती के लिए किया प्रेरित

SHARE:

बुरकलंका, अंतापाड़, अतराजपाड़, अलारमडगू और सिंघनमडगू गांवों का किया दौरा, ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर मूलभूत सुविधाओं की ली जानकारी

जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिले के दूरस्थ एवं अंदरूनी अंचलों में पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा स्थानीय लोगों की समस्याओं को करीब से समझने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) ने विभिन्न गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बुरकलंका, अंतापाड़, अतराजपाड़, अलारमडगू एवं सिंघनमडगू पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर गांवों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति के बारे में चर्चा की। उन्होंने पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों से फीडबैक लिया। ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं एवं सुझाव उनके समक्ष रखे। एसपी ने सभी बातों को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाकर आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया।
युवाओं को बस्तर फाइटर्स भर्ती के लिए किया प्रेरित
दौरे के दौरान पुलिस अधीक्षक ने गांव के युवाओं से विशेष रूप से बातचीत की। उन्होंने बस्तर फाइटर्स भर्ती के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए भर्ती प्रक्रिया, शारीरिक दक्षता और नियमित अभ्यास के महत्व को समझाया। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की।
एसपी ने कहा कि स्थानीय युवाओं के लिए पुलिस बल में शामिल होकर अपने क्षेत्र, समाज और जिले की सेवा करने का यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। युवाओं को इस अवसर का लाभ उठाते हुए पूरी लगन और मेहनत के साथ तैयारी करनी चाहिए।
पुलिस और ग्रामीणों के बीच विश्वास मजबूत करने की पहल
पुलिस अधीक्षक का यह भ्रमण केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अंदरूनी क्षेत्रों के लोगों से सीधा जुड़ाव स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल रहा। ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी बात सुनना, समस्याओं को समझना और युवाओं को रोजगार एवं सेवा के अवसरों के प्रति जागरूक करना इस जनसंपर्क अभियान का प्रमुख उद्देश्य रहा।
सुकमा पुलिस द्वारा दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार जनसंवाद और जनसंपर्क के माध्यम से आमजन के साथ विश्वास एवं समन्वय मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। इस पहल से ग्रामीणों और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित होने के साथ स्थानीय युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है।
सुकमा पुलिस का संकल्प है कि सुरक्षा के साथ-साथ जनविश्वास, जनसहभागिता और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़े प्रयासों को भी निरंतर आगे बढ़ाया जाए।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें