झापरा-भेलवापाल मार्ग पर खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने पकड़ा 30 क्विंटल धान, मंडी अधिनियम के तहत हुई कार्रवाई
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और बिचौलियों की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने जिला प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी कड़ी में सोमवार की रात खाद्य विभाग एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने रात्रि गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 60 बोरी धान से भरी पिकअप वाहन को जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन में जिलेभर में धान के अवैध परिवहन, भंडारण और खरीदी प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों पर निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान झापरा से भेलवापाल मार्ग पर जांच के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक CG17LB3165 को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन में 60 बोरी धान, जिसका कुल वजन लगभग 30 क्विंटल पाया गया। बताया गया कि संजय गेन, निवासी चिकपल्ली, मलकानगिरी द्वारा उक्त धान का अवैध परिवहन किया जा रहा था।
संयुक्त जांच दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मंडी अधिनियम के तहत धान सहित पिकअप वाहन को जब्त कर थाना सुकमा की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध धान परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
जिले में 27 धान खरीदी केंद्रों पर प्रशासन की निगरानी
जिले में किसानों की सुविधा के लिए कुल 27 धान उपार्जन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को राहत देने के उद्देश्य से बुड़दी और बड़ेसेट्टी में दो नए धान खरीदी केंद्र भी प्रारंभ किए गए हैं। शासन की मंशा है कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े और उन्हें शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
कृषक उन्नति योजना से किसानों को मिलेगी आर्थिक सहायता
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में कृषक उन्नति योजना के तहत धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि सीधे बैंक खातों में प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। इस योजना में निर्धारित पूरी मात्रा में धान विक्रय करना अनिवार्य नहीं होगा, बल्कि डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित रकबे के आधार पर सहायता राशि दी जाएगी।
अवैध गतिविधियों पर प्रशासन की पैनी नजर
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध परिवहन अथवा भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वास्तविक किसानों के हितों की रक्षा और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि धान खरीदी सीजन में बिचौलियों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








