इत्तागुड़ा, टेटेमडगू और डेंग पारा में आयोजित हुए जनसंवाद कार्यक्रम, साइबर अपराधों से बचाव और शासन की योजनाओं के प्रति किया जागरूक
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिले के दूरस्थ एवं संवेदनशील ग्रामीण अंचलों में पुलिस और आम नागरिकों के बीच विश्वास, सहयोग और बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से सुकमा पुलिस द्वारा लगातार जनहितकारी पहल की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को ‘निवा दुवड़ ते’ (आपके द्वार) अभियान के तहत ग्राम इत्तागुड़ा, टेटेमडगू एवं डेंग पारा में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अभियान के माध्यम से पुलिस की टीमें सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचीं और उनसे आत्मीय संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ उनकी समस्याओं को सुनना तथा पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास को और मजबूत करना रहा।
तीन गांवों में पहुंची पुलिस की टीमें, ग्रामीणों से किया संवाद
अभियान के तहत थाना पोलमपल्ली क्षेत्र के ग्राम इत्तागुड़ा में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। वहीं निरीक्षक जॉन प्रदीप लकड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम टेटेमडगू में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।
इसी प्रकार थाना कुकानार क्षेत्र के डेंग पारा में थाना प्रभारी निरीक्षक अविलाष टंडन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक जानकारियां साझा कीं।
साइबर अपराधों से बचाव और जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
जनसंवाद के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं, स्थानीय शिकायतों एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना। साथ ही ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस टीम ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी, अनजान कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने तथा डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। इसके अलावा यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत करना अभियान का उद्देश्य
सुकमा पुलिस का ‘निवा दुवड़ ते’ अभियान केवल जनसंवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य दूरस्थ गांवों तक पुलिस की पहुंच सुनिश्चित करना, ग्रामीणों की समस्याओं को समझना और उन्हें सुरक्षा एवं सहयोग का भरोसा दिलाना है। ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीणों और पुलिस के बीच संवाद का बेहतर वातावरण तैयार हो रहा है।
Op Paसुकमा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा, जनविश्वास की मजबूती और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के जनहितकारी प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।








