सुकमा में संवेदनशील प्रशासन की अनूठी पहल, 6 वर्षीय बालक को मिला नया परिवार

SHARE:

सुकमा में संवेदनशील प्रशासन की अनूठी पहल, 6 वर्षीय बालक को मिला नया परिवार

संस्थागत देखरेख से निकलकर अब परिवार के स्नेह और वात्सल्य में संवरेगा मासूम का भविष्य, कलेक्टर अमित कुमार ने आशीर्वाद देकर दी शुभकामनाएं

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा। जिला प्रशासन की संवेदनशीलता, मानवीय सोच और बाल संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता की एक प्रेरणादायक तस्वीर सुकमा में देखने को मिली। जिले के एक 6 वर्षीय मासूम बालक के जीवन में उस वक्त खुशियों की नई शुरुआत हुई, जब उसे फॉस्टर केयर (पालन-पोषण देखरेख) योजना के तहत एक नया परिवार मिल गया। अब यह मासूम संस्थागत देखरेख के स्थान पर पारिवारिक माहौल में रहकर स्नेह, सुरक्षा और वात्सल्य की छांव में अपना बचपन बिताएगा।

कलेक्टर श्री अमित कुमार द्वारा जारी आदेश एवं जिला बाल कल्याण समिति के निर्देशानुसार बालक का एक परिवार में सफलतापूर्वक प्लेसमेंट कराया गया। इस अवसर पर कलेक्टर अमित कुमार ने बालक को अपना स्नेहिल आशीर्वाद देते हुए उसके सुखद, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह पहल केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि एक मासूम को परिवार का अपनापन और बेहतर भविष्य देने की दिशा में उठाया गया सराहनीय मानवीय कदम है।

कानूनी प्रक्रिया का पालन कर सौंपा गया पारिवारिक संरक्षण

बालक का प्लेसमेंट किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 तथा शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए संपन्न कराया गया। इस पूरी प्रक्रिया में जिला बाल कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण इकाई सुकमा एवं सी.ई.ए.सी. के बीच बेहतर समन्वय रहा।

बाल कल्याण समिति सुकमा के अध्यक्ष श्री गिरीश कुमार तथा सदस्य श्रीमती राधिका साहू, श्रीमती प्रमिला राव एवं श्रीमती गीता के आदेशानुसार बालक को नए पारिवारिक परिवेश में सौंपने की औपचारिकता पूरी की गई।

मासूम के चेहरे पर दिखी नई उम्मीद, पोषक माता ने जताई प्रतिबद्धता

नए परिवार में जाने के दौरान बालक के चेहरे पर खुशी, उमंग और उत्साह साफ झलक रहा था। वहीं बालक को अपनाने वाली पोषक माता ने भी पूरे वात्सल्य भाव के साथ उसके पालन-पोषण, शिक्षा, सुरक्षा एवं सर्वांगीण विकास की जिम्मेदारी निभाने और उसे बेहतर भविष्य देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बालक को जीवन की नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं तथा पोषक माता को इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।

बाल संरक्षण की दिशा में सुकमा प्रशासन का सराहनीय प्रयास

इस महत्वपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री जितेंद्र सिंह बघेल, संरक्षण अधिकारी (गैर संस्थागत) सुश्री मनीषा शर्मा, संभागीय अधिकारी (सी.ई.ए.सी.) श्री रमेश कुमार, चाइल्ड हेल्पलाइन परामर्शदाता श्रीमती लखेश्वरी एवं समस्त चाइल्डलाइन स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

जिला प्रशासन की यह पहल इस बात का उदाहरण है कि शासन की योजनाओं और संवेदनशील प्रशासनिक प्रयासों के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को बेहतर जीवन और पारिवारिक संरक्षण उपलब्ध कराया जा सकता है। फॉस्टर केयर जैसी व्यवस्था बच्चों को सुरक्षित एवं स्नेहपूर्ण पारिवारिक वातावरण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

एक मासूम को मिला परिवार, अपनापन और नई उम्मीद। सुकमा प्रशासन की यह पहल न केवल बाल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज को भी यह संदेश देती है कि हर बच्चे को प्यार, सुरक्षा और सम्मान के साथ जीने का अधिकार है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें