एंड-टू-एंड विवेचना से खुला नशे के अवैध कारोबार का नेटवर्क, ब्रह्मपुर में दबिश देकर पुलिस ने मानस रंजन नायक को दबोचा
अब तक 27 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 3.48 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त; नशे के कारोबार की जड़ों तक पहुंच रही सुकमा पुलिस
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिले में अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाओं के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सुकमा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन ‘आगाज’ के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की गई है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने अंतर्राज्यीय नशीली दवाओं के नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए ओडिशा के ब्रह्मपुर से मुख्य सप्लायर मानस रंजन नायक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनोज तिर्की एवं एसडीओपी सुकमा श्री मनीष कुंवर के मार्गदर्शन में जिलेभर में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस ने केवल नशे की खेप पकड़ने तक कार्रवाई सीमित न रखते हुए उसके मुख्य स्रोत और आपूर्ति नेटवर्क तक पहुंचने के लिए एंड-टू-एंड विवेचना की।
पहले पकड़ा गया था नशीली दवाओं का खेप लेकर जा रहा तस्कर
मामले की शुरुआत 5 सितंबर 2026 को हुई, जब मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर निरीक्षक श्री रोशन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुम्हारपारा के पास घेराबंदी कर राजेंद्र बिस्वास (36 वर्ष), निवासी पदमगिरी, ओडिशा को गिरफ्तार किया था।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 720 नग Pyeevon Spas Plus नशीले कैप्सूल और 108 शीशी OnyRex-Plus प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया था। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए थे। जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई थी। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया था।
तकनीकी साक्ष्यों से मुख्य सप्लायर तक पहुंची पुलिस
प्रकरण की आगे की जांच में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य महत्वपूर्ण कड़ियों का बारीकी से विश्लेषण किया। विवेचना के दौरान नशीली दवाओं की आपूर्ति के मुख्य स्रोत का पता चला, जिसके बाद पुलिस टीम ने ओडिशा के ब्रह्मपुर स्थित थाना बड़ा बाजार क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।
इस कार्रवाई में पुलिस ने मुख्य सप्लायर मानस रंजन नायक, निवासी बड़ाबाजार, ब्रह्मपुर (ओडिशा) को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को 3 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय दंतेवाड़ा के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
3.48 करोड़ से अधिक के मादक पदार्थ जब्त, 27 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
सुकमा पुलिस के अनुसार ऑपरेशन ‘आगाज’ के तहत अब तक की कार्रवाई में कुल 27 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनके कब्जे से लगभग 3 करोड़ 48 लाख 77 हजार 650 रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि अब नशे के अवैध कारोबार में शामिल केवल स्थानीय स्तर के तस्करों पर ही नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों से संचालित हो रहे सप्लाई नेटवर्क पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।
नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग की अपील
सुकमा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार, नशीली दवाओं की तस्करी और इसमें संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
ऑपरेशन ‘आगाज’ के तहत सुकमा पुलिस की यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार की जड़ों तक पहुंचने और अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।








