राष्ट्रीय एकता दिवस पर सुकमा पुलिस एवं जिला प्रशासन ने किया एकता दौड़ का आयोजन, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्र की एकता का संकल्प
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। लौह पुरुष एवं देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती तथा राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला मुख्यालय सुकमा में राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला। सुकमा पुलिस एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, स्कूली विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गादीरास चौक सुकमा से हुआ। यहां से प्रतिभागियों ने मिनी स्टेडियम तक एकता दौड़ लगाई। ‘एका मिर्राना – एकता के राह पर कदम से कदम मिलाकर’ की भावना के साथ आयोजित इस दौड़ में प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे आयोजन के दौरान राष्ट्रप्रेम, आपसी सद्भाव और एकजुटता का संदेश गूंजता रहा।

प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुकमा श्री मयंक गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनोज तिर्की एवं श्री मनीष कुंवर, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जीआर मंडावी, श्री विरूपाक्ष पौराणिक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। महिला आयोग की सदस्य सुश्री दीपिका शोरी एवं जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अलावा सुकमा पुलिस के अधिकारी-जवान, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता निभाई।
राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प
यह आयोजन पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनोज तिर्की एवं श्री मनीष कुंवर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। एकता दौड़ के माध्यम से समाज में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा देश की सुरक्षा, शांति और मजबूती के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।
सरदार पटेल के योगदान को किया याद
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में देश की रियासतों के एकीकरण और अखंड भारत के निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक एवं अतुलनीय योगदान का स्मरण किया गया। उनका जीवन देश की एकता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता, आपसी विश्वास और सामूहिक सहभागिता में निहित है। सुकमा की सड़कों पर दौड़े प्रतिभागियों ने एक स्वर में यह संकल्प दोहराया कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।








