जनगणना-2027 में ओबीसी जातियों की अलग सूची की मांग, सुप्रीम कोर्ट ने कहा- सरकार लेगी नीतिगत फैसला

SHARE:

याचिकाकर्ताओं को जनगणना रजिस्ट्रार जनरल के समक्ष मांग रखने की मिली छूट, ऑनलाइन फॉर्म में ड्रॉप-डाउन मेनू की व्यवस्था करने की उठाई गई मांग

नई दिल्ली। जनगणना-2027 में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की जातियों की अलग सूची तैयार करने और ऑनलाइन फॉर्म में जातियों के नाम चुनने के लिए ड्रॉप-डाउन मेनू की व्यवस्था करने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि यह नीतिगत निर्णय का मामला है, जिस पर केंद्र सरकार विचार कर सकती है। अदालत ने याचिकाकर्ताओं को भारत के जनगणना रजिस्ट्रार जनरल के समक्ष अपनी मांग रखने की अनुमति दी है। यह याचिका ओबीसी फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से दाखिल की गई थी। इसमें मांग की गई थी कि जनगणना की ऑनलाइन प्रक्रिया में ओबीसी जातियों के लिए भी ड्रॉप-डाउन मेनू उपलब्ध कराया जाए, ताकि विभिन्न पिछड़ी जातियों की पहचान और उनका विवरण व्यवस्थित रूप से दर्ज किया जा सके। 28 अक्टूबर को हुई सुनवाई के दौरान फेडरेशन की ओर से पेश अधिवक्ता अंजनी अयंगर ने अदालत को बताया कि याचिकाकर्ता पिछड़े वर्गों से आते हैं और उन्होंने सरकार के समक्ष ओबीसी जातियों के लिए अलग विकल्प उपलब्ध कराने की मांग रखी थी। याचिका में कहा गया कि जनगणना प्रपत्र की अनुसूची के कॉलम संख्या 10 में अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और जाति से संबंधित जानकारी मांगी गई है। हालांकि, एससी और एसटी के अलावा अन्य जातियों के लिए नाम दर्ज करने का विकल्प खुले टेक्स्ट बॉक्स के रूप में दिया गया है। इसमें लोगों को अपनी जाति का नाम स्वयं लिखना पड़ता है।
मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ, जिसमें न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना भी शामिल थे, ने कहा कि यह नीतिगत विषय है और इस पर सरकार ही विचार कर सकती है। इसके साथ ही पीठ ने याचिकाकर्ताओं को अपनी मांग जनगणना रजिस्ट्रार जनरल के सामने रखने की छूट दे दी।

2011 की जनगणना का दिया हवाला

याचिकाकर्ताओं ने अपनी मांग के समर्थन में 2011 की जनगणना का हवाला दिया। उनका कहना है कि जिस तरह अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए जाति संबंधी विकल्प उपलब्ध कराए गए थे, उसी तरह ओबीसी जातियों के लिए भी ड्रॉप-डाउन मेनू की व्यवस्था होनी चाहिए। इससे अलग-अलग ओबीसी जातियों का विवरण दर्ज करने और उनकी पहचान से संबंधित आंकड़े संकलित करने में मदद मिल सकती है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें