राजधानी से जनता तक कोरबा। जिले के ग्राम पंचायत जामबहार के आश्रित ग्राम रोगबहरी के किसानों ने बालको प्रबंधन से भूमि की क्षतिपूर्ति राशि दिलाने की मांग की है। इस संबंध में किसानों ने कलेक्टर को आवेदन देकर बकाया मुआवजे का भुगतान कराने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, भारत एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) की ओर से राख डैम के लिए ग्राम रोगबहरी में खसरा नंबर 75 की कुल 29.50 एकड़ भूमि अधिग्रहित की गई थी। किसानों का कहना है कि वर्ष 2016-17 से 2019-20 तक की क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान किया गया, लेकिन वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक की राशि अब तक बकाया है।

किसानों ने कलेक्टर से प्रभावित भूमि का उचित सर्वे कराने और वर्तमान बाजार मूल्य के आधार पर क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है। अब किसानों को प्रशासन की पहल और बकाया राशि के भुगतान का इंतजार है।








