स्कूली बच्चों ने चित्रकला, भाषण और रंगोली के जरिए उकेरा ‘मेरे सपनों का भारत’
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ज्ञानोदय स्कूल सुकमा में जिला स्तरीय भाषण, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिलेभर से पहुंचे स्कूली बच्चों ने ‘विकसित भारत—मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण को लेकर अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कला और अभिव्यक्ति के माध्यम से आधुनिक शिक्षा, तकनीक, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण तथा आत्मनिर्भर भारत जैसे महत्वपूर्ण विषयों को उकेरा। रंग-बिरंगी रंगोलियों और आकर्षक चित्रों में बच्चों ने अपने सपनों के विकसित भारत की तस्वीर पेश की, वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने देश के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा किए।
बच्चों के बीच पहुंचे कलेक्टर अमित कुमार
जिला स्तरीय प्रतियोगिता का निरीक्षण करने कलेक्टर श्री अमित कुमार स्वयं कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने बच्चों के बीच समय बिताकर उनकी बनाई चित्रकृतियों और रंगोलियों को देखा तथा प्रतिभागियों की रचनात्मकता की सराहना की। कलेक्टर की आत्मीय सहभागिता से बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से उनकी कलाकृतियों के विषय में जानकारी ली और उनके विचार सुने। बच्चों ने भी पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों के भारत की कल्पना और उसके निर्माण में अपनी भूमिका के बारे में बताया।
दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाओं को मिल रहा मंच
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उनकी प्रतिभा को सामने लाना है। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर सोचने और अपनी बात रखने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। भाजपा जिला अध्यक्ष श्री धनीराम बारसे, नगरपालिका अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य श्री हूंगाराम मरकाम, जिला महामंत्री श्री विश्वराज सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अतिथि कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
अनुशासित और प्रेरणादायी माहौल में संपन्न हुआ आयोजन
जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी, डीएमसी श्री विजेंद्र सिंह राठौर सहित शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन की टीम के समन्वित प्रयासों से प्रतियोगिता का आयोजन व्यवस्थित एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।
‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत आयोजित इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि सुकमा के दूरस्थ क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें अवसर और उचित मंच देने की है। बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों में आत्मनिर्भर, स्वच्छ, शिक्षित, तकनीक-सक्षम और विकसित भारत की स्पष्ट झलक दिखाई दी।








