डिजिटल भारत की बेरहम चौखट: उंगलियां टेढ़ी हैं तो ‘अस्तित्व’ खारिज! बेबस मां की पीठ पर लदी लाचारी, पेंशन के लिए ‘मदन’ मांग रहा अपनी पहचान

SHARE:

डिजिटल भारत की बेरहम चौखट: उंगलियां टेढ़ी हैं तो ‘अस्तित्व’ खारिज! बेबस मां की पीठ पर लदी लाचारी, पेंशन के लिए ‘मदन’ मांग रहा अपनी पहचान

मैनपुर (गरियाबंद)।फाइलों में ‘डिजिटल क्रांति’ का शोर है, बड़े-बड़े होर्डिंग्स पर ‘अंत्योदय’ और ‘दिव्यांग सशक्तिकरण’ के खोखले नारों की चमक है; लेकिन गरियाबंद के मुड़ागांव की पथरीली गलियों में यह चमक एक बूढ़ी मां के पसीने और बेबसी के आगे दम तोड़ देती है। 30 साल का मदन नागेश न तो अपने पैरों पर खड़ा हो सकता है और न ही उसकी मुड़ी हुई उंगलियां सरकारी मशीनों के मापदंड पर खरी उतरती हैं। सिस्टम की आंखें इतनी अंधी और मशीनें इतनी संवेदनहीन हैं कि अगर सेंसर पर लकीरें न उभरें, तो जीता-जागता इंसान सरकारी कागजों में ‘लावारिस’ मान लिया जाता है।

जब तक मशीन अंगूठा न पहचाने, तब तक भूख भी फर्जी!

अमलीपदर क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुड़ागांव निवासी मदन जन्म से दिव्यांग था। बचपन में अज्ञात वाहन की टक्कर ने रही-सही कसर भी पूरी कर दी। जो इंसान न खुद खा सकता है, न शौचालय जा सकता है, जिसे हर सांस के लिए अपनी लाचार मां का सहारा चाहिए, वह आज अपनी मां की पीठ पर लदकर दफ्तर-दफ्तर ‘प्रमाण’ देता घूम रहा है कि वह जिंदा है।

विडंबना देखिए—प्रशासन के लिए मदन का दर्द, उसकी मुड़ी हुई देह और मां के आंसू कोई सुबूत नहीं हैं। सुबूत है तो बस उस नीली रोशनी वाली बायोमेट्रिक मशीन का एक ‘बीप’ साउंड! मशीन की स्क्रीन कह देती है—‘फिंगरप्रिंट मिसमैच’, और बाबू कह देते हैं—‘अगले महीने आना’। क्या सिस्टम यह मान चुका है कि अगर उंगलियां टेढ़ी हैं, तो पेट में भूख भी नहीं लगती? क्या चंद रुपयों की दिव्यांग पेंशन पाने के लिए किसी को अपनी हड्डियां सीधी करके मशीन पर रखनी होंगी?

नियमों की पोथी टेबल पर, जमीन पर सिर्फ अंधी दौड़

यूआईडीएआई (UIDAI) के कायदे-कानूनों में साफ लिखा है कि जिन दिव्यांगजनों के हाथ नहीं हैं या जिनकी उंगलियों के निशान नहीं आते, उनके लिए ‘एक्सेप्शन एनरोलमेंट’ (वैकल्पिक प्रक्रिया) और आइरिस या चेहरे के जरिए पहचान की व्यवस्था है। जरूरत पड़ने पर ऐसे मामलों में घर पहुंचकर पंजीयन कराने के स्पष्ट निर्देश हैं।

लेकिन मैनपुर के वातानुकूलित दफ्तरों में बैठे हुक्मरानों को शायद इन नियमों की याद तब आती है जब कोई वीआईपी दौरा हो। एक 30 साल के लाचार नौजवान को गोद में उठाकर दर-दर भटकती बुजुर्ग मां किसी अफसर के ज़मीर को झकझोरने के लिए काफी नहीं है। जब मशीन पहचान से इनकार करती है, तो कुर्सी पर बैठे हाकिम इंसानियत से ही इनकार कर देते हैं।

सवाल सीधा है: यह व्यवस्था इंसानों के लिए है या मशीन इंसानों के लिए?

यह सिर्फ मदन नागेश की कहानी नहीं है, यह उस प्रशासनिक जड़ता का नंगा सच है जहां नियम इंसानों की सहूलियत के लिए नहीं, बल्कि उन्हें योजना की कतार से बाहर धकेलने का बहाना बन चुके हैं।

जिले के आला अधिकारियों के पास निरीक्षण के लंबे-चौड़े दौरे हैं, पर क्या किसी एक अमले के पास इतनी फुरसत नहीं कि मुड़ागांव जाकर इस बेबस मां के बेटे का वैकल्पिक पंजीयन सुनिश्चित करा सके?

क्या गरियाबंद प्रशासन अब किसी बड़े हादसे या भूख से टूटी सांसों के बाद ही मदन के घर ‘जांच दल’ भेजने की औपचारिकता निभाएगा?

पेंशन मदन की खैरात नहीं, उसका बुनियादी हक है। अगर एक संप्रभु राष्ट्र की कल्याणकारी व्यवस्था एक लाचार नागरिक को सिर्फ इसलिए दरकिनार कर दे क्योंकि उसकी उंगलियों में मशीन को भाने वाली लकीरें नहीं हैं, तो समझ लीजिए कि लकवा मदन के जिस्म को नहीं, पूरे प्रशासनिक तंत्र की सोच को मार चुका है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें