जिला स्तरीय जेल निरीक्षण समिति ने बंदियों की उम्र और दस्तावेजों की जांच की, संदिग्ध प्रकरण को आगे की कार्रवाई के लिए किया चिन्हांकित
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। नाबालिगों के अधिकारों की रक्षा और न्यायिक निर्देशों के प्रभावी पालन को लेकर जिला प्रशासन ने जिला जेल सुकमा का गहन निरीक्षण किया। माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के तहत गठित जिला स्तरीय जेल निरीक्षण समिति ने मंगलवार को जेल पहुंचकर बंदियों की स्थिति, आयु और संबंधित दस्तावेजों का विस्तृत परीक्षण किया।
निरीक्षण का प्रमुख उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि 18 वर्ष से कम आयु का कोई भी विचाराधीन बंदी जेल में निरुद्ध न रहे। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशानुसार समिति के सदस्यों ने जेल में निरुद्ध बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी उम्र, जन्मतिथि तथा उपलब्ध दस्तावेजों की जानकारी ली। दस्तावेजों के परीक्षण के दौरान एक संदिग्ध प्रकरण सामने आया, जिसे समिति ने गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए चिन्हांकित किया है।
समिति ने स्पष्ट किया कि यदि जांच एवं दस्तावेजों के सत्यापन में संबंधित बंदी की आयु 18 वर्ष से कम पाई जाती है, तो उसे नियमानुसार जेल से बाल संप्रेक्षण गृह में स्थानांतरित किया जाएगा। इससे किशोर न्याय व्यवस्था के तहत नाबालिगों को प्राप्त कानूनी संरक्षण एवं अधिकार सुनिश्चित किए जा सकेंगे।
नियमित त्रैमासिक निरीक्षण का हिस्सा
यह निरीक्षण नियमित त्रैमासिक व्यवस्था के अंतर्गत किया गया। निरीक्षण के बाद तैयार प्रतिवेदन विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजा जाएगा। समिति ने बंदियों से आयु संबंधी जानकारी लेने के साथ-साथ उपलब्ध अभिलेखों और दस्तावेजों का परीक्षण किया, ताकि किसी भी नाबालिग को वयस्क बंदियों के साथ जेल में निरुद्ध किए जाने की स्थिति उत्पन्न न हो।
प्रशासन ने कहा कि नाबालिगों की पहचान और उनके अधिकारों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। आयु सत्यापन की प्रक्रिया के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक व्यक्ति को उसकी वास्तविक आयु और कानूनी स्थिति के अनुरूप उचित संरक्षण एवं न्यायिक प्रक्रिया प्राप्त हो।
निरीक्षण समिति में ये रहे शामिल
जिला स्तरीय जेल निरीक्षण समिति में अध्यक्ष अधिवक्ता श्री कैलाश जैन, जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री जितेन्द्र सिंह, सहायक लोक अभियोजन अधिकारी श्री उत्कर्ष भारती, एसडीओपी सुकमा श्री मनीष कुंवर, उप पुलिस अधीक्षक श्री सपन चौधरी, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति सुकमा श्री गिरीश कुमार, विधिक सह परिवीक्षा अधिकारी श्री चन्द्र किशोर बघेल तथा सामाजिक कार्यकर्ता श्री आदर्श कुमार शामिल रहे।
समिति ने निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन से आवश्यक जानकारी प्राप्त की और बंदियों की आयु संबंधी अभिलेखों के परीक्षण को प्राथमिकता दी। अधिकारियों ने कहा कि ऐसी नियमित जांच से नाबालिगों के अधिकारों की प्रभावी सुरक्षा के साथ-साथ किशोर न्याय संबंधी प्रावधानों का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकता है।








