उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के रहने वाले हैं आरोपी, गांजा, मोबाइल और नकदी समेत करीब 16.51 लाख रुपए का मशरूका बरामद
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। मादक पदार्थों के अवैध परिवहन और तस्करी के खिलाफ सुकमा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना सुकमा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 32 किलो 765 ग्राम गांजा के साथ तीन अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, मोबाइल फोन और नगदी समेत कुल करीब 16 लाख 51 हजार 410 रुपए का मशरूका बरामद किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुकमा श्री मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनोज तिर्की के निर्देशन में की गई।
ट्रॉली बैग में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को थाना सुकमा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोंटा ढेंग, सुकमा के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति ट्रॉली बैग में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर मौजूद हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया। इसके बाद थाना सुकमा पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध तीनों व्यक्तियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 32 किलो 765 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही मोबाइल फोन और नगदी भी जब्त की गई। जब्त किए गए पूरे मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 51 हजार 410 रुपए बताई गई है।
NDPS Act के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में थाना सुकमा में अपराध क्रमांक 81/2026 दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B)(ii)(C) NDPS Act के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी
मोहम्मद आलिम, पिता मोहम्मद गुलजार, उम्र 19 वर्ष, निवासी शारापुर मीरापुर खुर्द, थाना जानसठ, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश।
मोहम्मद मुजम्मिल कुरैशी, पिता अब्दुल जब्बार, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम बहादुर गंजखेड़, थाना खैर, जिला अलीगढ़, उत्तर प्रदेश।
सलीम कांकर शेख, पिता कांकर शेख, उम्र 45 वर्ष, निवासी मेरजगांव, कर्जत, थाना कर्जत, जिला अहमदनगर, महाराष्ट्र।
इस वर्ष 24 अंतर्राज्यीय गिरोहों पर कार्रवाई
सुकमा पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इस वर्ष अब तक कुल 24 अंतर्राज्यीय ग्रुप्स के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। इन कार्रवाइयों में करीब 3 करोड़ 31 लाख 77 हजार 650 रुपए के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।
सुकमा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध परिवहन एवं तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।








