खनन प्रभावित केसला में मूलभूत सुविधाओं की मांग, 15 दिन में स्वीकृति नहीं मिली तो खदान बंद कराने की चेतावनी

SHARE:

राजधानी से जनता तक कोरबा। ग्राम पंचायत गोड़मा के खनन प्रभावित ग्राम केसला में मूलभूत सुविधाओं और सार्वजनिक निर्माण कार्यों की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया है। ग्रामीणों का कहना है कि SECL रजगामार की खनन गतिविधियों से प्रभावित क्षेत्र होने के बावजूद गांव में जरूरी विकास कार्यों को अपेक्षित गति नहीं मिल रही है। आवेदन में जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) और SECL के CSR अथवा अन्य उपलब्ध मद से विभिन्न कार्यों को स्वीकृति देने की मांग की गई है।

 

12 कार्यों की मांगी गई स्वीकृति

 

आवेदन में ग्राम केसला और आसपास के क्षेत्र के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति, प्राथमिक शाला केसला को माध्यमिक शाला में उन्नयन और खेल मैदान निर्माण की मांग की गई है। इसके अलावा केसला घाट में पुलिया और सड़क निर्माण तथा विभिन्न स्थानों पर सीसी रोड बनाने का प्रस्ताव दिया गया है।

 

ग्रामीणों ने सामुदायिक गतिविधियों के लिए दो स्थानों पर मंच निर्माण और तीन स्थानों पर बोर खनन की भी मांग रखी है। हाथी प्रभावित क्षेत्र होने का हवाला देते हुए SECL से स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने तथा स्कूली बच्चों को हाईस्कूल तक आने-जाने के लिए बस सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।

 

DMF की तकनीकी स्वीकृति, प्रशासनिक स्वीकृति का इंतजार

 

आवेदन में दावा किया गया है कि जिला खनिज संस्थान न्यास मद से प्रस्तावित कुछ कार्यों को तकनीकी स्वीकृति दी जा चुकी है, लेकिन प्रशासनिक स्वीकृति नहीं मिलने के कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं।

 

वहीं, ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि SECL की ओर से CSR अथवा अन्य उपलब्ध मद से गांव में जनहित के पर्याप्त कार्य स्वीकृत नहीं किए जा रहे हैं। इसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी होने की बात आवेदन में कही गई है।

 

15 दिन में स्वीकृति नहीं तो खदान बंद कराने की चेतावनी

 

आवेदन के अंत में ग्रामीणों की ओर से 15 दिन के भीतर प्रस्तावित कार्यों को स्वीकृति नहीं मिलने पर SECL रजगामार-गोड़मा की 10 नंबर खदान का उत्पादन बंद कराने की चेतावनी दी गई है।

 

आवेदन में प्रशासन और SECL प्रबंधन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए संबंधित सक्षम अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की गई है। फिलहाल ग्रामीणों की मांग और चेतावनी के बाद प्रशासन तथा SECL प्रबंधन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें