संवैधानिक संस्था पर सवाल उठाना कांग्रेस की राजनीतिक हताशा का परिचायक : डॉ. योगीराज माखनलाल कश्यप
गरियाबंद। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर कांग्रेस द्वारा लगातार लगाए जा रहे आरोपों और उनके खिलाफ विरोध-प्रदर्शन को लेकर भाजपा जिला प्रवक्ता एवं जनपद सदस्य डॉ. योगीराज माखनलाल कश्यप ने कांग्रेस पर तीखा निशाना साधा है।
डॉ. कश्यप ने कहा कि निर्वाचन आयोग देश की एक संवैधानिक संस्था है और चुनाव प्रक्रिया को लेकर किसी भी राजनीतिक दल को सवाल पूछने का अधिकार है, लेकिन बिना ठोस प्रमाण के संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर लगातार हमला करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इस्तीफे और कार्रवाई की मांग को लेकर जिस तरह राजनीतिक अभियान चलाया जा रहा है, उससे यह सवाल उठता है कि क्या कांग्रेस अपनी राजनीतिक असहमति को संवैधानिक संस्थाओं के विरोध में बदल रही है।
डॉ. कश्यप ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने SIR और मतदाता सूची से जुड़े निर्णयों को कानून एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लिया जाना बताया है, जबकि कांग्रेस इन फैसलों पर लगातार सवाल उठा रही है। ऐसे में आरोप-प्रत्यारोप के बजाय तथ्यों और आधिकारिक रिकॉर्ड के आधार पर जनता के सामने पूरी स्थिति रखी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लगातार बयानबाजी और देशभर में विरोध-प्रदर्शन लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति उनके दृष्टिकोण पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। कांग्रेस को चाहिए कि वह राजनीतिक आरोप लगाने के बजाय यदि किसी निर्णय पर आपत्ति है तो संवैधानिक और कानूनी माध्यमों का उपयोग करे।
डॉ. कश्यप ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की आधारशिला हैं और निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाना एक गंभीर विषय है। इसलिए राजनीतिक दलों को अपने आरोपों के समर्थन में प्रमाण और तथ्य जनता के सामने रखने चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा में विश्वास करती है तथा चुनावी प्रक्रिया को लेकर किसी भी वैध सवाल का समाधान कानून और संस्थागत प्रक्रिया के माध्यम से होना चाहिए।








