सीएम हेल्पलाइन का भी नहीं कोई खौफ: पुंजीपारा में फोटो खिंचवाकर लौटे अफसर, 6 साल से लावारिस पड़ा नौनिहालों का आशियाना
कागजों में चमचमाती योजनाएं, जमीन पर सिर्फ ढांचा: लाटापारा के पुंजीपारा में सिस्टम की नाकामी की गवाही दे रहीं अधूरी दीवारें, निरीक्षण का तमाशा खत्म कार्रवाई अब भी ‘लापता’
गरियाबंद/देवभोग :सरकारें मंचों से चीख-चीखकर कहती हैं कि “बच्चे देश का भविष्य हैं।” लेकिन गरियाबंद जिले के देवभोग ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत लाटापारा के पुंजीपारा में चले जाइए, तो समझ आ जाएगा कि इस भविष्य को संभालने वाले जिम्मेदारों की नीयत में कितना बड़ा घुन लगा हुआ है। वर्ष 2020-21 में जिस आंगनबाड़ी भवन को बच्चों की किलकारियों और पोषण का केंद्र बनना था, वह 2026 में भी लावारिस ईंट-सीमेंट के आधे-अधूरे कंकाल की तरह खड़ा सिस्टम के मुंह पर तमाचा मार रहा है।
छह साल बीत गए, सरकारें बदल गईं, कई अफसर कुर्सियां बदलकर चले गए, लेकिन नहीं बदली तो पुंजीपारा के उस बदहाल भवन की किस्मत। आधी-अधूरी दीवारों को देखकर ऐसा लगता है मानो ठेकेदार और अफसरों ने मिलकर कसम खाई थी कि इस भवन को पूरा कर दिया, तो उनके ‘कमीशन तंत्र’ का खेल खत्म हो जाएगा!
सीएम हेल्पलाइन की घंटी बजी, अफसर जागे… और फिर ‘फोटो खिंचवाकर’ सो गए!
जब सिस्टम पूरी तरह बहरा हो गया, तो थक-हारकर ग्रामीणों ने सीएम हेल्पलाइन (1076) का दरवाजा खटखटाया। शिकायत दर्ज हुई, तो विभाग में थोड़ी खलबली मची। नतीजा यह हुआ कि 24 सितंबर को साहबानों का काफिला धूल उड़ाते हुए पुंजीपारा पहुंचा। अफसरों ने चारों तरफ नजरें दौड़ाईं, शायद कुछ पन्नों पर दस्तखत किए, निरीक्षण की औपचारिकता पूरी हुई और मामला फिर ठंडे बस्ते के हवाले कर दिया गया। सवाल यह उठता है कि क्या यह निरीक्षण केवल सीएम पोर्टल पर ‘शिकायत का निवारण प्रगति पर है’ का झुनझुना थमाने के लिए था? यदि जांच हुई, तो उसकी रिपोर्ट किस अलमारी में धूल फांक रही है? निरीक्षण के इतने दिन बाद भी न तो निर्माण की एक नई ईंट रखी गई और न ही किसी लापरवाह अधिकारी या निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई का चाबुक चला।
फाइलों में दफन जनता की गाढ़ी कमाई: आखिर किसका पेट भरा?
यह सिर्फ एक अधूरे भवन की कहानी नहीं है, बल्कि सरकारी धन की खुली लूट और बेशर्म अनदेखी की दास्तान है:
स्वीकृत राशि का क्या हुआ? 2020-21 में इस भवन के लिए शासन से कितनी राशि जारी हुई थी? उसमें से कितना पैसा कागजों में बहा दिया गया और कितना काम वास्तव में हुआ?
*फंड खत्म या नीयत खत्म?*
क्या जारी की गई राशि का उपयोग भवन के बजाय किसी की ‘निजी तिजोरी’ भरने में हो गया? अगर काम अधूरा था, तो अब तक निर्माण एजेंसी पर रिकवरी या एफआईआर दर्ज क्यों नहीं हुई?
निगरानी तंत्र कहां था? छह साल तक विभागीय इंजीनियर, सुपरवाइजर और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी क्या भांग खाकर सो रहे थे जो उन्हें अपने ही ब्लॉक में खड़ा यह अधूरा ढांचा नजर नहीं आया?
*नौनिहाल जमीन पर, साहब एसी दफ्तर में मस्त*
जिस उम्र में गरीब आदिवासियों और ग्रामीणों के बच्चों को सुरक्षित छत के नीचे पोषण, प्राथमिक शिक्षा और खेलकूद का माहौल मिलना चाहिए था, उस उम्र में वे सिस्टम की बदहाली का दंश झेल रहे हैं। ग्रामीण इलाकों के विकास का ढोल पीटने वाले जनप्रतिनिधि भी इस मुद्दे पर गूंगे-बहरे बने बैठे हैं।
अब ग्रामीणों और शिकायतकर्ता का धैर्य जवाब दे रहा है। जनता यह साफ जानना चाहती है कि 24 सितंबर की जांच रिपोर्ट में क्या लिखा गया? क्या दोषी एजेंसी को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा, या फिर लीपापोती कर फाइल पर ‘कार्रवाई जारी है’ का मुहर लगाकर मामला रफा-दफा कर दिया जाएगा?
यदि प्रशासन ने जल्द ही कुंभकर्णी नींद तोड़कर इस भवन का निर्माण पूरा नहीं कराया और दोषियों की जेब से पाई-पाई वसूलकर सलाखों के पीछे नहीं भेजा, तो ग्रामीणों का यह आक्रोश किसी भी दिन अफसरों की चौखट पर फूट सकता है।








