सुकमा वन क्षेत्र में बाघ की संभावित मौजूदगी के संकेत
मवेशी के मारे जाने के बाद मिले संभावित पगमार्क, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
कोयाबेकुर, नीलावरम, फूलबगड़ी और केरलपाल क्षेत्र में विशेष सतर्कता |
कैमरा ट्रैप से की जा रही गतिविधियों की निगरानी
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। सुकमा वनमंडल के सुकमा वन परिक्षेत्र में मवेशी के मारे जाने के बाद बाघ की संभावित मौजूदगी के संकेत मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पशु चिकित्सकों की टीम ने भी घटनास्थल का परीक्षण किया। मौके पर बाघ के संभावित पगमार्क मिलने के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है। जिला वन अधिकारी अक्षय भोंसले स्वयं फील्ड में पहुंचकर संभावित आवागमन वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। विभाग द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बाघ की गतिविधियों की पुष्टि और निगरानी के लिए विशेष टीमों को सक्रिय किया गया है।
चार पंचायतों समेत आसपास के जंगलों में बढ़ी निगरानी
बाघ की संभावित आवाजाही को देखते हुए कोयाबेकुर, नीलावरम, फूलबगड़ी और केरलपाल पंचायत सहित आसपास के वन क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। वन विभाग की टीमें संभावित प्रभावित क्षेत्रों में तैनात की गई हैं। ग्रामीणों को जानकारी देने के लिए मुनादी कराई जा रही है, जबकि बाघ की गतिविधियों की पुष्टि के लिए कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। वन विभाग द्वारा राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) की निर्धारित SOP के अनुरूप निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस और जिला प्रशासन के सहयोग से भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।

शाम 4 बजे के बाद जंगल जाने से बचें
वन विभाग ने ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग के अनुसार, शाम 4 बजे के बाद जंगल में जाने से बचें और अत्यावश्यक स्थिति में जंगल जाना हो तो समूह में ही जाएं। बाघ दिखाई देने की स्थिति में उसके करीब जाने, पीछा करने, भीड़ लगाने या उसे भगाने का प्रयास न करें। स्वयं बाघ को पकड़ने अथवा किसी प्रकार की कार्रवाई करने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
अफवाहों से बचने की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि बाघ की संभावित गतिविधि से संबंधित किसी भी संदिग्ध घटना या सूचना की जानकारी तत्काल विभाग को दें। साथ ही अपुष्ट फोटो, वीडियो और सूचनाओं को सोशल मीडिया पर प्रसारित न करने की अपील की गई है। विभाग ने कहा है कि बाघ की मौजूदगी से संबंधित जानकारी के लिए केवल वन विभाग और जिला प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
पुष्टि होने पर नियमानुसार मिलेगा मुआवजा
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि मवेशी की मौत बाघ के हमले से होने की पुष्टि होने पर शासन के प्रचलित नियमों के अनुसार पात्र पशुपालक को उचित मुआवजा प्रदान किया जाएग विभाग ने यह भी बताया कि बाघ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I में संरक्षित वन्यजीव है। इसके शिकार, हत्या अथवा शिकार के प्रयास पर कठोर दंड का प्रावधान है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि घबराने के बजाय सतर्क रहें, जंगल में अनावश्यक आवाजाही से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें। कैमरा ट्रैप एवं मैदानी निगरानी के माध्यम से बाघ की वास्तविक गतिविधि की पुष्टि के प्रयास लगातार जारी हैं।








