सरनाबहाल में अभिलाष नेताम की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई: मेडिकल स्टोर पर छापा, दवा का नमूना जब्त कर नोटिस जारी

SHARE:

  • सरनाबहाल में अभिलाष नेताम की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई: मेडिकल स्टोर पर छापा, दवा का नमूना जब्त कर नोटिस जारी

​गरियाबंद/अमलीपदर:
ग्राम सरनाबहाल में युवक अभिलाष नेताम की असामयिक मृत्यु के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुधवार, 23 सितंबर को मौके पर पहुंचकर व्यापक जांच-पड़ताल शुरू की। जांच दल ने एक ओर जहां पीड़ित परिजनों से मिलकर वस्तुस्थिति की जानकारी ली, वहीं दूसरी ओर संबंधित मेडिकल स्टोर का सघन निरीक्षण कर दवा का नमूना जांच के लिए जब्त किया है।

​परिजनों के दर्ज किए गए बयान

​जांच की शुरुआत में अधिकारियों के दल ने मृतक अभिलाष नेताम के घर जाकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। अधिकारियों ने घटनाक्रम के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल करते हुए परिजनों से पूछताछ की और उनके औपचारिक बयान दर्ज किए। परिजनों से उपचार, दी गई दवाओं और स्वास्थ्य बिगड़ने के पूरे घटनाक्रम का विवरण लिखित रूप में लिया गया है।

​मेडिकल स्टोर का औचक निरीक्षण

​परिजनों से मिली प्रारंभिक जानकारी के आधार पर जांच दल ने क्षेत्र के मेडिकल स्टोर पर दबिश दी। यह कार्रवाई खाद्य एवं औषधि प्रशासन, गरियाबंद के औषधि निरीक्षक धर्मवीर ध्रुव के नेतृत्व में की गई। टीम ने मनीष सिन्हा द्वारा संचालित मेडिकल स्टोर का औचक निरीक्षण किया। ज्ञात हुआ है कि इस मेडिकल स्टोर के संचालक व पंजीकृत फार्मासिस्ट स्वयं मनीष सिन्हा हैं।

​निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकान में रखी दवाओं के रखरखाव, एक्सपायरी डेट, भंडारण व्यवस्था और औषधि विक्रय संबंधी मानकों की बारीकी से जांच की

​दवा का नमूना जब्त, संचालक को थमाया नोटिस

​निरीक्षण के दौरान औषधि निरीक्षक की टीम ने संदेह के आधार पर मेडिकल स्टोर से एक विशेष दवा का नमूना (सैंपल) विधिवत सील कर जांच हेतु जब्त किया। इसके साथ ही, दुकान में दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित वैध बिल, स्टॉक रजिस्टर और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई।

​औषधि निरीक्षक धर्मवीर ध्रुव द्वारा मेडिकल स्टोर संचालक मनीष सिन्हा को आधिकारिक नोटिस जारी किया गया है। नोटिस के माध्यम से निर्धारित समयावधि के भीतर दुकान से संबंधित सभी वैध दस्तावेज, औषधि क्रय-विक्रय रिकॉर्ड और अन्य आवश्यक अभिलेख विभाग के समक्ष प्रस्तुत करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

​लैब रिपोर्ट आने के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई

​विभागीय सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग की यह कार्रवाई अभिलाष नेताम की मौत से जुड़े कारणों और संभावित दवा संबंधी पहलुओं की निष्पक्ष जांच का हिस्सा है। जब्त किए गए दवा के नमूने को प्रयोगशाला में रासायनिक विश्लेषण एवं गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है।

​अधिकारियों का कहना है कि लैब से जांच रिपोर्ट आने और मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों के परीक्षण के बाद ही मामले में वास्तविक स्थिति साफ होगी। विभागीय जांच अभी जारी है और जांच रिपोर्ट में यदि किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त दंडात्मक व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें