न्यायिक प्रक्रिया को मजबूती देने सुकमा में पहल

SHARE:

मृत्युकालिक कथन की विधिसम्मत प्रक्रिया पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न

 

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा। संवेदनशील एवं गंभीर प्रकरणों में न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और विधिसम्मत बनाने की दिशा में सुकमा जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। मृत्युकालिक कथन (Dying Declaration) लेखबद्ध करने की प्रक्रिया में एकरूपता और निर्धारित कानूनी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन में आयोजित हुई। इसमें अधिकारियों को माननीय उच्च न्यायालय, बिलासपुर द्वारा प्रकरण CRA No. 2320/2023, “Ramesh Chakradhari Vs. State of Chhattisgarh” में 26 नवंबर 2025 को पारित आदेश तथा मृत्युकालिक कथन लेखबद्ध किए जाने से संबंधित SOP (Standard Operating Procedure) के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।

कानूनी प्रक्रिया और सावधानियों की दी गई जानकारी

जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्री प्रभु नारायण सिंह ने प्रशिक्षण के दौरान मृत्युकालिक कथन से जुड़े कानूनी प्रावधानों, निर्धारित प्रक्रिया तथा आवश्यक सावधानियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में निर्धारित प्रक्रिया का निष्पक्ष एवं विधिसम्मत पालन अत्यंत महत्वपूर्ण है। साथ ही कथन लेखबद्ध करने के दौरान प्रत्येक स्तर पर संबंधित अधिकारी की भूमिका एवं दायित्व को स्पष्ट रूप से सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनोज तिर्की एवं अपर कलेक्टर श्री प्रताप विजय खेस की उपस्थिति में न्यायालयीन निर्देशों के अनुपालन, SOP के प्रभावी क्रियान्वयन तथा संवेदनशील प्रकरणों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

राजस्व, पुलिस और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यशाला में चिकित्सा विभाग के चिकित्सा अधिकारी, सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), तहसीलदार एवं थाना प्रभारी शामिल हुए। प्रशिक्षण का उद्देश्य मृत्युकालिक कथन की प्रक्रिया में स्पष्टता और एकरूपता लाने के साथ-साथ उसकी विधिक उपयोगिता एवं विश्वसनीयता को बनाए रखना रहा।

कार्यशाला के माध्यम से राजस्व, पुलिस एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि ऐसे संवेदनशील मामलों में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का समयबद्ध, व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

जिला प्रशासन की इस पहल से मृत्युकालिक कथन जैसे महत्वपूर्ण साक्ष्य के संकलन एवं लेखबद्ध करने की प्रक्रिया में अधिकारियों की समझ और समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें