​झाखरपारा में 15वें वित्त के 5.43 लाख डकारने की तैयारी! बनते ही दरकी पुलिया, 8 महीने बाद भी नाली आधी-अधूरी; ग्रामीणों ने खोला मोर्चा

SHARE:

​झाखरपारा में 15वें वित्त के 5.43 लाख डकारने की तैयारी! बनते ही दरकी पुलिया, 8 महीने बाद भी नाली आधी-अधूरी; ग्रामीणों ने खोला मोर्चा

​देवभोग। ग्राम पंचायत झाखरपारा में विकास के नाम पर सरकारी खजाने से लाखों रुपये बहाए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर परिणाम शर्मनाक हैं। 15वें वित्त आयोग से स्वीकृत करीब 5.43 लाख रुपये के निर्माण कार्यों में ऐसी लीपापोती की गई है कि काम पूरा होते ही भ्रष्टाचार की दरारें खुद गवाही देने लगी हैं। कहीं बनने के चंद दिनों बाद ही कंक्रीट टूटकर बिखर रहा है, तो कहीं महीनों पहले पूरी राशि आहरित होने के बावजूद काम का नामोनिशान नहीं है। पंचायत में चल रहे इस खेल से आक्रोशित ग्रामीणों ने अब सीधे आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है और पूरे मामले की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच की मांग ठोक दी है।

​बनते ही भरभरा कर चटक गई 1.75 लाख की पुलिया
​मिली जानकारी के अनुसार, घासीराम के खेत के सामने 1 लाख 75 हजार 557 रुपये की लागत से बनाई गई पुलिया भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा नमूना बन चुकी है। निर्माण को अभी कुछ ही दिन बीते हैं कि पुलिया के सीने पर गहरी दरारें उभर आईं। गुणवत्ताहीन सामग्री और सीमेंट-रेत के घटिया अनुपात ने निर्माण की पोल खोल दी है। ग्रामीणों का साफ कहना है कि तकनीकी मापदंडों को ताक पर रखकर सिर्फ बिल पास कराने की जल्दबाजी में यह ढांचा खड़ा किया गया है, जो कभी भी धराशायी हो सकता है।
​8 महीने पहले डकारे 1.50 लाख, धरातल पर सिर्फ 15% नाली!
​लापरवाही और मनमानी की हद विनोद के घर के पास बन रही नाली में देखी जा सकती है। 1 लाख 50 हजार रुपये का बजट पास कराकर पूरी राशि आहरित कर ली गई, लेकिन 8 महीने बीत जाने के बाद भी मौके पर महज 10 से 15 फीसदी काम ही अटका पड़ा है। सवाल यह उठता है कि जब काम शुरू ही नहीं हुआ, तो भुगतान की फाइलें किसके इशारे पर दौड़ीं? क्या यह सरकारी धन की खुली लूट नहीं है?
​59 हजार की राशि गायब, काम का अता-पता नहीं
​सिर्फ पुलिया और नाली ही नहीं, प्राथमिक शाला के पास जून माह में प्रस्तावित करीब 59 हजार 700 रुपये के कार्य में भी बड़ा गोलमाल सामने आ रहा है। राशि की स्वीकृति और कागजी औपचारिकताओं के दो महीने बाद भी मौके पर एक ईंट तक नहीं रखी गई। इसके अलावा टाडीपारा में 1 लाख 57 हजार 750 रुपये की लागत से तैयार दूसरी पुलिया भी सवालों के घेरे में है, जिसकी बनावट देखकर ही घटिया निर्माण की बू आ रही है।

​”कमीशनखोरी नहीं चलेगी, पाई-पाई का हिसाब दे प्रशासन”

​गांव के विकास के नाम पर आने वाली खून-पसीने की कमाई को घटिया निर्माण और कागजी फाइलों में दफन किए जाने से ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों का दोटूक कहना है कि सरकारी राशि का ऐसा खुला दुरुपयोग कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जनपद और जिला स्तर के जिम्मेदार अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष तकनीकी परीक्षण और भौतिक सत्यापन नहीं कराया, तो वे सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें