कहानी बदलाव की: अब घर के द्वार तक पहुंचती है एंबुलेंस

SHARE:

झापरा-पुष्पल्ली की पक्की सड़क ने बदली दूरस्थ वनांचल की तस्वीर, 8 हजार से अधिक ग्रामीणों को मिली बारहमासी कनेक्टिविटी

10.80 किमी लंबी सड़क का निर्माण पूर्ण, 7.94 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ मार्ग | कुकेरास, कोसाबंदर, दरभा, मंगीपाल और पुष्पल्ली गांव सीधे जिला मुख्यालय से जुड़े

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा। बस्तर के दूरस्थ वनांचल में विकास की तस्वीर अब तेजी से बदल रही है। कभी बारिश के दिनों में कीचड़ और दलदल के कारण मुख्यधारा से कट जाने वाले झापरा-पुष्पल्ली क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए अब आवागमन आसान हो गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा झापरा से पुष्पल्ली तक 10.80 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। करीब 7 करोड़ 94 लाख 86 हजार रुपये की लागत से बने इस मार्ग से 8 हजार से अधिक ग्रामीणों को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिली है।

 

पहले बारिश में थम जाते थे पहिए, अब पहुंच रही एंबुलेंस
सड़क निर्माण से पहले क्षेत्र के ग्रामीणों को बरसात के मौसम में बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता था। कच्चे और दलदली रास्तों के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहती थी। सुकमा जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए कई बार ग्रामीणों को पड़ोसी राज्य ओडिशा की ओर लंबा रास्ता तय करना पड़ता था।

सबसे अधिक परेशानी तब होती थी, जब किसी ग्रामीण को तत्काल उपचार की आवश्यकता होती थी। खराब रास्तों के कारण एंबुलेंस का गांव तक पहुंचना मुश्किल हो जाता था और मरीजों को कई बार खाट या अन्य साधनों से मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ता था।

108 और आपातकालीन सेवाओं की पहुंच हुई आसान
झापरा-पुष्पल्ली मार्ग के निर्माण के बाद कुकेरास, कोसाबंदर, दरभा, मंगीपाल और पुष्पल्ली सहित आसपास के गांवों की जिला मुख्यालय से सीधी और बारहमासी कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। अब संजीवनी 108, महतारी एक्सप्रेस और सेवा एक्सप्रेस जैसी सेवाओं के गांवों तक पहुंचने में सुविधा हो रही है।

यह बदलाव केवल सड़क तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, शिक्षा, बाजार, रोजगार और सरकारी योजनाओं तक ग्रामीणों की पहुंच को भी आसान बना रहा है।
ग्रामीणों की जुबानी—“यह सड़क हमारे लिए नया जीवन है”
मंगीपाल निवासी माड़वी सोना बताते हैं कि पहले बारिश शुरू होते ही गांव के बाहर निकलना मुश्किल हो जाता था। सुकमा जाने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। अब गांव तक पक्की सड़क पहुंचने से आवागमन की बड़ी समस्या दूर हुई है।
वहीं कोसाबंदर निवासी जोगा मड़कामी के अनुसार, पहले किसी के बीमार पड़ने पर एंबुलेंस गांव तक पहुंचना बड़ी चुनौती थी। मरीज को खाट पर उठाकर ले जाना पड़ता था। अब सड़क बनने से आपात स्थिति में वाहन गांव तक पहुंच पा रहे हैं।
कृषि, हाट-बाजार और सरकारी योजनाओं को भी मिलेगा लाभ
सड़क निर्माण से ग्रामीणों के लिए केवल जिला मुख्यालय तक पहुंचना ही आसान नहीं हुआ है, बल्कि कृषि उत्पादों को बाजार और मंडियों तक पहुंचाने, स्थानीय हाट-बाजारों में आवागमन बढ़ाने तथा सरकारी योजनाओं और सेवाओं की पहुंच को सुगम बनाने में भी मदद मिल रही है।
दूरस्थ वनांचल के इन गांवों में पक्की सड़क का पहुंचना ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सामाजिक जीवन में बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।
“अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास का लाभ”—कलेक्टर अमित कुमार
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण बुनियादी सुविधाएं और बारहमासी सड़क संपर्क पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। झापरा-पुष्पल्ली मार्ग के पूर्ण होने से अंदरूनी गांवों के ग्रामीणों को हर मौसम में आवागमन और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सहजता से पहुंचे।
विकास की मुख्यधारा से जुड़ा वनांचल
झापरा-पुष्पल्ली मार्ग आज केवल एक सड़क नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, बाजार और प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंच की नई राह बनकर सामने आया है। वर्षों से कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में जीवन जी रहे ग्रामीणों के लिए यह सड़क सुविधा और संभावनाओं का नया द्वार खोल रही है।
10.80 किलोमीटर की यह सड़क दूरस्थ गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ने के साथ ही विकास की मुख्यधारा को वनांचल की चौखट तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें