गांव-गांव चलेगा व्यापक सफाई अभियान, जनभागीदारी से होगा श्रमदान

SHARE:

 

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान, कचरा प्रभावित स्थानों को चिन्हित कर होगी विशेष सफाई

 

जिला प्रमुख नवीन दांदडें (राजधानी से जनता तक)

 

सुकमा। जिले के गांवों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशानुसार जिला पंचायत सुकमा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर की अध्यक्षता में सोमवार को ग्राम पंचायत सचिवों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए पंचायत स्तर पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता गतिविधियां आयोजित होंगी। पंचायत सचिवों को निर्देशित किया गया कि ग्राम पंचायतों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट से प्रभावित स्थानों को ‘स्वच्छता लक्षित इकाई’ के रूप में चिन्हित किया जाए। इन स्थानों पर सफाई के लिए तिथि और समय निर्धारित कर ग्रामीणों को मुनादी के माध्यम से इसकी जानकारी दी जाएगी।

 

जनभागीदारी और श्रमदान से बनेगा स्वच्छ गांव

 

स्वच्छता अभियान को केवल प्रशासनिक गतिविधि तक सीमित न रखते हुए इसमें ग्रामीणों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। चिन्हित स्थानों पर ग्रामीणों के सहयोग और सामूहिक श्रमदान से सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य गांवों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना को मजबूत करना है।

 

जिला सीईओ मुकुंद ठाकुर ने ग्राम पंचायतों में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत क्षेत्र में आने वाले सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर वहां भी विशेष स्वच्छता गतिविधियां संचालित करने को कहा गया।

 

स्थानीय बोली में पहुंचेगा स्वच्छता का संदेश

 

अभियान के दौरान ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्थानीय बोली में तैयार ऑडियो रिकॉर्ड संवाद का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके माध्यम से स्वच्छता का संदेश गांव-गांव और परिवार-परिवार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि स्थानीय भाषा में लोगों को स्वच्छता के महत्व से जोड़ा जा सके।

 

स्वच्छता को स्थायी व्यवहार बनाने पर जोर

 

अधिकारियों ने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का उद्देश्य केवल विशेष अभियान के दौरान सफाई करना नहीं, बल्कि गांवों में स्वच्छता को दैनिक जीवन का स्थायी व्यवहार और सामूहिक जिम्मेदारी बनाना है। जनभागीदारी, श्रमदान, वृक्षारोपण और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छ एवं सुंदर ग्राम पंचायतों के निर्माण की दिशा में कार्य किया जाएगा।

 

बैठक में सीईओ जनपद पंचायत सुकमा सुमित ध्रुव, जनपद सीईओ कोंटा गौतम गहिर, जनपद सीईओ छिंदगढ़ पी.के. गुप्ता सहित जिला एवं जनपद पंचायत तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें