रायपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. अशोक त्रिवेदी को मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके पांच दशकों से अधिक के समर्पित योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें सेंट्रल साइकियाट्रिक सोसाइटी (इंडियन साइकियाट्रिक सोसाइटी-सीजेड) की 47वीं वार्षिक कॉन्फ्रेंस सिपकॉन 2026 के दौरान प्रदान किया गया। जिसका आयोजन छत्तीसगढ़ साइकियाट्रिक सोसाइटी द्वारा 25 से 27 सितंबर तक रायपुर में किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का विषय है फ्रॉम फाउंडेशन्स टू फ्रंटियर्स साइकियाट्री इन द करंट एरा जिसमें देशभर से करीब 250 डॉक्टर्स शामिल हो रहे हैं।
डॉ. त्रिवेदी ने मेडिकल कॉलेज जबलपुर से चिकित्सा शिक्षा में स्नातक की उपाधि प्राप्त की और किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज से स्नातकोत्तर प्रशिक्षण लिया। इसके पश्चात उन्होंने निमहांस (NIMHANS), बेंगलुरु से उन्नत प्रशिक्षण भी प्राप्त किया। अपने व्यावसायिक जीवन की शुरुआत उन्होंने भिलाई स्टील प्लांट अस्पताल से की, जहां उन्होंने लगभग 20 वर्षों तक सेवाएं दीं। वे छत्तीसगढ़ के दूसरे मनोचिकित्सक के रूप में कार्य करने वाले चिकित्सकों में शामिल रहे। उस दौर में मानसिक रोगों को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों और सामाजिक कलंक के बीच उन्होंने निरंतर जनजागरूकता का कार्य किया।
इसके बाद उन्होंने एमएमआई अस्पताल, रायपुर में दो वर्षों तक सेवाएं दीं और विगत लगभग 30 वर्षों से निजी चिकित्सा प्रैक्टिस के माध्यम से मनोचिकित्सकीय सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। शोध के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। औद्योगिक आबादी में मानसिक रुग्णता (Mental Morbidity) पर किए गए उनके फील्ड स्टडी के लिए उन्हें स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया, वहीं उनके कई शोध-पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।
डॉ. त्रिवेदी इंडियन मेडिकल काउंसिल के कार्यकारी सदस्य, इंडियन साइकियाट्रिक सोसाइटी के अध्यक्ष तथा छत्तीसगढ़ साइकियाट्रिक सोसाइटी के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने राष्ट्रीय व क्षेत्रीय सम्मेलनों के आयोजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सिपकॉन 2026 में वे कॉन्फ्रेंस के चीफ पैट्रन के रूप में भी शामिल हैं। छत्तीसगढ़ साइकियाट्रिक सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. मैनक देब सिकदार, सचिव डॉ. दीपक कृष्ण घोरमोड़े तथा कोषाध्यक्ष डॉ. शशिकांत सिंह राजपूत के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में डॉ. त्रिवेदी को यह सम्मान देते हुए आयोजकों ने कहा कि उनकी सादगी, सकारात्मक सोच और युवा चिकित्सकों के प्रति मार्गदर्शक भूमिका ने उन्हें मनोचिकित्सा जगत में एक विशेष स्थान दिलाया है।








