कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पंप हाउस में आयोजित विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में संकुल बालकोनगर-01 के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में पीएमश्री सेजेस बालको नगर के दो विद्यार्थियों ने स्थान हासिल कर विद्यालय और संकुल का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न संकुलों से प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर के विजेता विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। प्रतियोगिता में कुल 218 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें 110 विद्यार्थियों ने भाषण और 108 ने चित्रकला प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

इन विषयों पर विद्यार्थियों ने दी प्रस्तुति
प्रतिभागियों ने नक्सल मुक्त भारत, डिजिटल भारत, महिला सशक्तिकरण, विकसित भारत और मेरे सपनों का भारत जैसे विषयों पर अपनी प्रस्तुतियां दीं। भाषण और चित्रकला के माध्यम से विद्यार्थियों ने इन विषयों पर अपने विचार और कल्पनाएं प्रस्तुत कीं।
आयुषी को भाषण में दूसरा और नीलू को चित्रकला में तीसरा स्थान
पीएमश्री सेजेस बालको नगर अंग्रेजी माध्यम की कक्षा 12वीं की छात्रा आयुषी सिंह ने हायर सेकेंडरी स्तर की अंग्रेजी माध्यम भाषण प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया।

वहीं पीएमश्री सेजेस बालको नगर हिंदी माध्यम की कक्षा 12वीं की छात्रा नीलू विश्वकर्मा ने चित्रकला प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया।दोनों विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।
प्राचार्य और शिक्षकों ने दी बधाई
विद्यार्थियों की सफलता पर पीएमश्री सेजेस बालको नगर के प्राचार्य नीलकंठ राठौर ने आयुषी सिंह और नीलू विश्वकर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए शिक्षक सौरभ चतुर्वेदी, शोएब अली खान, शिक्षिका सुनीता चंडा और तनु प्रिया देवांगन के प्रयासों की भी सराहना की।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष योगेश जैन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी जितेंद्र साहू, बीआरसी शहरी अभिषेक तिवारी, विद्यालय की प्राचार्य प्रभा सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








