पेदारास ग्राम पंचायत में 15वें वित्त एवं मूलभूत मद की राशि के आहरण पर उठे सवाल, अप्रैल 2025 से अब तक के कार्यों की जिला स्तरीय जांच की मांग
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा/छिंदगढ़। जिले की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी राशि के उपयोग को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। जनपद पंचायत छिंदगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत पेदारास में 15वें वित्त आयोग एवं मूलभूत मद की राशि के कथित अनियमित आहरण को लेकर पंचायत के 10 पंचों ने लामबंद होकर जिला कलेक्टर के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत की है। पंचों ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जिला स्तरीय समिति गठित करने की मांग की है।
कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में पंचों ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत पेदारास में सरपंच एवं सचिव द्वारा निर्वाचित पंचों को जानकारी दिए बिना तथा बिना कार्य कराए फर्जी तरीके से बिल लगाकर 15वें वित्त एवं मूलभूत मद की राशि का आहरण किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पंचायत में राशि के उपयोग और विकास कार्यों के खर्च की जानकारी मांगने के बावजूद उन्हें संतोषजनक जानकारी नहीं मिल रही है।
ग्रामसभा में जानकारी मांगने पर भी नहीं मिला संतोषजनक जवाब
शिकायत में पंचों ने उल्लेख किया है कि ग्रामसभा की बैठक में भी पंचायत की राशि के आहरण एवं खर्च का विवरण मांगा गया, लेकिन उन्हें पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। उपसरपंच सहित अन्य पंचों ने भी कथित वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है।
अप्रैल 2025 से अब तक के लेन-देन की जांच की मांग
पंचों ने अपने आवेदन में अप्रैल 2025 से वर्तमान समय तक ग्राम पंचायत में 15वें वित्त आयोग एवं मूलभूत मद से प्राप्त राशि, किए गए आहरण और विभिन्न कार्यों पर हुए व्यय का संपूर्ण रिकॉर्ड खंगालने की मांग की है। उनका कहना है कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि पंचायत को कितनी राशि प्राप्त हुई, कितनी राशि निकाली गई और किन-किन विकास कार्यों में उसका उपयोग किया गया।
जिला स्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग
आवेदन के माध्यम से कलेक्टर से आग्रह किया गया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला स्तरीय जांच समिति गठित कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही पंचायत के बैंक खातों, बिल-वाउचर, भुगतान अभिलेखों, निर्माण कार्यों एवं व्यय संबंधी दस्तावेजों का भौतिक और दस्तावेजी सत्यापन कराया जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
अब देखना होगा कि शिकायत पर जिला प्रशासन क्या कदम उठाता है और जांच में पंचायत के वित्तीय लेन-देन को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं। फिलहाल 10 पंचों की सामूहिक शिकायत के बाद ग्राम पंचायत पेदारास का यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
नोट: फिलहाल यह मामला पंचों द्वारा लगाए गए आरोपों और प्रस्तुत शिकायत पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही हो सकेगी।








