छात्र-छात्राओं से रूबरू होकर जानी समस्याएं, व्यवस्थाओं और अधीक्षकों के व्यवहार की सराहना की
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा/कोंटा। अपने दो दिवसीय जनसंपर्क एवं युवा संवाद कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को भाजपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य हूंगाराम मरकाम कोंटा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नवीन महाविद्यालय कोंटा, प्री-मैट्रिक छात्रावास, कन्या छात्रावास कोंटा तथा कन्या आश्रम भेंजी का दौरा कर वहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से मुलाकात की। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, रहन-सहन, भोजन व्यवस्था एवं छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं को जानने का प्रयास किया।
जनसंपर्क के दौरान श्री मरकाम ने छात्र-छात्राओं से खुलकर बातचीत की और उनकी शैक्षणिक गतिविधियों एवं दैनिक दिनचर्या के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्रावासों में रह रहे बच्चों के अनुशासन, व्यवहार एवं आपसी समन्वय की सराहना की। साथ ही छात्रावास अधीक्षकों के व्यवहार, रहन-सहन की व्यवस्था और विद्यार्थियों को मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराए जाने पर संतोष व्यक्त किया।
श्री मरकाम ने कहा कि कोंटा क्षेत्र के छात्रावासों में बच्चों का अनुशासन, उनका व्यवहार तथा अधीक्षकगणों द्वारा विद्यार्थियों के प्रति अपनाया जा रहा सहयोगात्मक रवैया सराहनीय है। छात्र-छात्राओं को निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है, जो प्रशंसा के योग्य है।
उन्होंने जिले में छात्रावासों के बेहतर संचालन के लिए जिला कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के प्रयासों और छात्रावास प्रबंधन की सक्रियता से जिले में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
अंत में श्री हूंगाराम मरकाम ने छात्रावासों की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं सभी अधीक्षकगणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।








