राजधानी से जनता तक/चरण सिंह क्षेत्रपाल
देवभोग -मुंगझर में आयोजित देव दशहरा महोत्सव के दौरान देव दशहरा महोत्सव समिति द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के समाजसेवियों, वरिष्ठजनों एवं स्थानीय पत्रकारों को सम्मानित कर उनके सामाजिक योगदान, अनुभव और जनहित से जुड़े कार्यों के प्रति सम्मान प्रकट किया गया।
कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी नीलाम्बर कश्यप ने उपस्थित सम्मानितजनों को टॉवेल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस पहल के माध्यम से समाज में सकारात्मक योगदान देने वाले व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समाजसेवियों द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों, वरिष्ठजनों के अनुभव और मार्गदर्शन तथा पत्रकारों की जनहित से जुड़ी भूमिका को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।
सम्मान समारोह ने धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सहभागिता, आपसी सद्भाव और सम्मान की परंपरा को भी मजबूती प्रदान की। महोत्सव समिति की इस पहल को समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर जोड़ने तथा उनके योगदान को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने देव दशहरा महोत्सव की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे के संदेश को भी सराहा। आस्था, धार्मिक परंपरा और लोक संस्कृति की गौरवशाली विरासत को संजोए मुंगझर देव दशहरा महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का एक महत्वपूर्ण पर्व है। दशहरा का यह पावन अवसर सत्य की विजय, धर्म की प्रतिष्ठा और अधर्म के अंत का संदेश देता है। महोत्सव के माध्यम से लोगों को अपनी प्राचीन परंपराओं, रिती- रिवाजों और सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ने का अवसर मिलता है।
मुंगझर देव दशहरा महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सामूहिक सद्भाव का प्रतीक भी है। ऐसे पर्व ग्रामीण अंचलों की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और मान्यताओं से परिचित कराते हैं। महोत्सव के अवसर पर देवी-देवताओं के प्रति श्रद्धा, पूजा अर्चना और पारंपरिक उत्सवी वातावरण लोगों के मन में विशेष उत्साह का संचार करता है। स्थानीय जनजीवन में दशहरा पर्व का अपना विशिष्ट महत्व है, जहां आस्था और पंरपरा के साथ मिल-जुलकर उत्सव मनाने की भावना दिखाई देती है।
दशहरा का संदेश – सत्य की विजय, ओर असत्य की हार
जिले के हर कोने में दशहरा महोत्सव धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने का एक सुन्दर माध्यम है।यह पर्व समाज को बुराईयों का त्याग कर सदाचार,सत्य, प्रेम और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।








