राजधानी से जनता तक| कोरबा| (संगम दुबे) नगर पालिक निगम कोरबा में स्वच्छता बनाएं रखने के उद्देश्य से डोर टू डोर कचरा कलेक्शन स्वच्छता दीदियों के माध्यम से कराया जा रहा है, साथ ही SLRM सेंटर्स में इन कचरों का संग्रहण , पृथकीकरण एवं प्रबंधन जैसे कार्य किए जा रहे हैं। मगर बालको जोन अंतर्गत उक्त कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आई हैं। कचरों को खुले में डम्प करने से स्थानीय लोगों को दुर्गंध समेत विभिन्न प्रकार की परेशानियां उत्पन्न होने लगी है।
खुले मैदान में कचरा फेंक रहे कर्मी, बना पहाड़
बालको जोन अंतर्गत पुलिस कालोनी के पीछे बड़ी मात्रा में लंबे समय से स्वच्छता कर्मियों द्वारा कचरे का डोर टू डोर कलेक्शन करने के बाद कूड़े को खुले मैदान में डंप किया जा रहा है। लंबे समय से डंपिंग करने से पूरे मैदान में कचरे का अंबार लग गया हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कचरे के कारण हवाओ के साथ दुर्गंध घरों तक पहुंच रहा जिससे बेहद परेशानियां होती है।
मवेशी समेत अन्य जानवर के लिए कचड़ा बना खतरा
खुले में कचड़े को फेंक देने से मनुष्यों समेत मवेशियों के लिए भी यह परेशानियों का सबब बन गया है। टिम जब मौकास्थल पर पहुंचे तो दर्जनों मवेशी प्लास्टिक समेत अन्य कचरा खाते हुए नजर आए। वही कुछ हिस्से में कचरे को जलाया जा रहा था जिससे जहरीला धुआँ वातावरण में घुल रहा था।
स्वच्छता कर्मियों के पास पर्याप्त संसाधन की दिखी कमी
कचरा संग्रहण के कार्य में लगे स्वच्छता कर्मियों के पास पर्याप्त संसाधन की भी कमी नज़र आई, नाम न उजागर करने की शर्त पर उन्होंने बताया कि बीते कुछ हफ्तों से उनके पास पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं हैं। इसका उदाहरण हमारी टिम को मौके पर भी देखने को मिली जहां स्वच्छता दीदी थर्माकोल के फिश बॉक्स के माध्यम से कचरे को लाना -लेजाना करती हुई नज़र आई।
निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा स्वच्छता कार्य को सुचारू और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए जाते हैं। साथ ही इसके लिए जोन समेत जिला स्तर पर निगरानी हेतु अधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गई है। ऐसे में खामियों और लापरवाही के साथ स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण कार्य का होना गंभीर सवाल खड़े करता हैं।
बालको जोन का मामला संज्ञान में आया है इसे दिखवाया जाएगा, मामले में जोन कमिश्नर से जवाब माँगा जाएगा…- आशुतोष पाण्डेय, निगम आयुक्त कोरबा
अब सफाई कार्य के जोन कमिश्नर्स होंगे इंचार्ज
मामले संज्ञान में आने के बाद निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया की अब सफ़ाई कार्य का संपूर्ण इंचार्ज जोन कमिश्नर्स को बनाया गया हैं। पहले यह कार्य स्वास्थ्य अधिकारी के जिम्मे हुआ करता था। अब सफाई के सभी बिल जोन कमिश्नर्स से होके जाएगा से, जो सत्यापन के बाद ही पास होगा। जिसके लिए जोन कमिश्नर्स ही अबसे जिम्मेदार होंगे। साथ ही अब प्रत्येक दिन 7 से 9 फील्ड पर रहकर काम करेंगे।
सफाई कार्यों के मॉनिटरिंग के लिए निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अधिकारियों के जिम्मदारी में परिवर्तन किया हैं। देखना होगा नए व्यवस्था सफाई का कार्य सुचारू रूप से संपादित होगा या नहीं?








