जवानों का जाना हालचाल, ग्रामीणों से किया आत्मीय संवाद; लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और निर्माणाधीन थाना भवनों को जल्द पूरा करने के दिए निर्देश
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिले के दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सुकमा श्री मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) ने 18 नवंबर 2026 को मरईगुड़ा, गोलापल्ली एवं किस्टाराम थाना क्षेत्रों का सघन भ्रमण एवं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थानों की व्यवस्थाओं, पुलिसिंग कार्यों, लंबित अपराधों की विवेचना और सामुदायिक पुलिसिंग गतिविधियों की समीक्षा की। निरीक्षण के साथ ही एसपी ने पुलिस जवानों और स्थानीय ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
लंबित मामलों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने तीनों थानों के महत्वपूर्ण अभिलेखों, रोजनामचा एवं लंबित अपराधों की विवेचना का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
जवानों के बीच पहुंचे एसपी, सुनी समस्याएं और बढ़ाया हौसला
दौरे के दौरान पुलिस अधीक्षक का संवेदनशील एवं मानवीय पक्ष भी देखने को मिला। उन्होंने थानों में पदस्थ पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के जवानों से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों पर चर्चा करते हुए जवानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
एसपी ने थाना परिसर में पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों से भी सहजता और सौहार्दपूर्ण वातावरण में बातचीत की। उन्होंने ग्रामीणों का कुशलक्षेम जाना और क्षेत्र की परिस्थितियों एवं बुनियादी जरूरतों के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
‘निवा दुवड़ ते’ कार्यक्रम से मजबूत होगा पुलिस-जनता का विश्वास
सामुदायिक पुलिसिंग के तहत संचालित सुकमा पुलिस के महत्वपूर्ण कार्यक्रम ‘निवा दुवड़ ते’ की भी एसपी ने विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं जवानों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों के साथ निरंतर संपर्क और संवाद बनाए रखें। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दूरस्थ गांवों तक पहुंचाने तथा जरूरतमंद ग्रामीणों को उनका लाभ दिलाने में भी सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच आपसी विश्वास, सहयोग एवं बेहतर समन्वय स्थापित करना प्रभावी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ग्रामीणों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर उनका समाधान करना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
गोलापल्ली और किस्टाराम में नए थाना भवनों का निरीक्षण
भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर ने थाना गोलापल्ली एवं थाना किस्टाराम में निर्माणाधीन नवीन थाना भवनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। नवीन थाना भवनों के निर्माण से क्षेत्र में पुलिस की आधारभूत सुविधाओं और कार्यक्षमता को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सुरक्षा के साथ जनविश्वास कायम करना पुलिस की प्राथमिकता

पुलिस अधीक्षक का यह दौरा केवल विभागीय निरीक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात जवानों का मनोबल बढ़ाने और ग्रामीणों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण रहा। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मरईगुड़ा श्री गौरव सिंह, थाना प्रभारी गोलापल्ली एवं किस्टाराम सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
सुकमा पुलिस द्वारा दूरस्थ एवं संवेदनशील अंचलों में लगातार भ्रमण, सामुदायिक संवाद और आधारभूत पुलिस सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आम नागरिकों का विश्वास जीतने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।








