राजधानी से जनता तक कोरबा। बांगो थाना क्षेत्र के मदनपुर घाट में नेशनल हाईवे-130 पर ट्रेलर दुर्घटना के बाद लगे जाम से यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 222(ए) के तहत एनएचएआई के विरुद्ध कटघोरा न्यायालय में परिवाद दायर किया है। पुलिस का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने जाम हटाने के लिए समय पर आवश्यक सहयोग नहीं किया।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर की रात करीब 2:30 बजे मदनपुर घाट में तारा घाटी से कटघोरा की ओर आ रहा ट्रेलर क्रमांक CG10BS5980 खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर जा रहे दूसरे ट्रेलर क्रमांक CG10BS9436 के चालक ने कथित लापरवाही से वाहन चलाते हुए खड़े ट्रेलर को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया।
बसों और एंबुलेंस में सवार यात्री भी फंसे
जाम में बसों के यात्री, एंबुलेंस से उपचार के लिए जा रहे मरीज और ट्रेन व हवाई यात्रा के लिए निकले लोग फंस गए। महिलाओं और बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ी। पुलिस के मुताबिक, बांगो थाना और मोरगा चौकी का बल, हाईवे पेट्रोलिंग टीम तथा डायल 112 के कर्मचारी जाम हटाने के प्रयास में जुटे रहे।

पुलिस का कहना है कि एनएचएआई के अधिकारियों को फोन से सूचना देकर सहयोग मांगा गया, लेकिन समय पर प्रभावी मदद नहीं मिली। इसी आधार पर लोक सेवक के कर्तव्य निर्वहन में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाते हुए न्यायालय में परिवाद पेश किया गया है। पुलिस ने कहा है कि ऐसी परिस्थितियों में जिम्मेदारी निभाने में लापरवाही बरतने वाली अन्य एजेंसियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








