समय-सीमा की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा – जिले में शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विकास कार्यों में तेजी लाने और आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमित कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में किसानों को धान खरीदी के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, विद्यार्थियों की शिक्षा एवं छात्रवृत्ति संबंधी समस्याओं का समाधान करने, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनता को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिलना चाहिए। लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी कार्य में अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनशिकायतों के निराकरण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
बैठक के दौरान कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, प्रधानमंत्री पोर्टल, कलेक्टर जनदर्शन, बस्तर मुन्ने और लोक सेवा केंद्र से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जनशिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान मिलना आवश्यक है। इसके लिए संबंधित विभाग शिकायतों की गंभीरता से जांच करें और समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं में सुधार पर जोर
कलेक्टर ने जिले के स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, नवजात बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा।
इसके अलावा विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति प्रकरणों और जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र के शेष कार्यों को भी जल्द पूरा करने पर जोर दिया, ताकि जरूरतमंद बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत अधूरे आवासों का निर्माण शीघ्र पूरा करने तथा वीबी-जी रामजी के कार्यों में श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
धान खरीदी केंद्रों में किसानों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
आगामी धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री अमित कुमार ने सभी खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीदी शुरू होने से पहले केंद्रों में साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, शौचालय और किसानों के बैठने के लिए छायादार स्थान की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राशन कार्डधारकों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने तथा एग्रीस्टैक पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र किसानों और वन अधिकार अधिनियम के तहत पट्टाधारी किसानों की आवश्यक प्रविष्टियां सुनिश्चित करने को कहा, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में परेशानी न हो।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना और ग्रामीण विकास कार्यों को मिलेगी गति
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने और अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा कृषि विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सिंचाई सुविधाओं के विकास पर ध्यान देने और रामाराम गांव को सोलर युक्त ग्राम के रूप में विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारियों एवं तकनीकी अमले को निर्माण कार्यों का समय पर मूल्यांकन करने तथा उनकी गुणवत्ता और प्रगति की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विभागीय समन्वय से विकास कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी है। जनसमस्याओं का समयबद्ध निराकरण, विकास कार्यों की गुणवत्ता और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं एवं विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करें और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए गंभीरता से प्रयास करें।
प्रशासन का मुख्य उद्देश्य किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों की रक्षा करना और आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करते हुए सुकमा जिले के समग्र विकास को गति देना है।








