सुकमा में गांजा तस्करी का भंडाफोड़: दो वाहनों से 25 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

ऑपरेशन आगाज के तहत सुकमा पुलिस की कार्रवाई, एक विधि से संघर्षरत बालक भी अभिरक्षा में; दो वाहन और दो मोबाइल सहित 14.52 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

 

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सुकमा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन आगाज के तहत पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा के मलकानगिरी से सुकमा की ओर आ रहे दो दोपहिया वाहनों से कुल 25 किलो 450 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। मामले में एक 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुकमा श्री मयंक गुर्जर (IPS) के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 21 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल और हल्के हरे रंग की स्कूटी से मलकानगिरी (ओडिशा) की ओर से सुकमा आ रहे हैं। दोनों के पास गांजा होने की आशंका जताई गई थी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की और सुकमा चेक पोस्ट के पास घेराबंदी कर दोनों संदिग्ध वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहनों में रखे ट्रॉली बैग से 12 पैकेट में भरा कुल 25 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

दो वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त

पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक OD-30J-3459 और हल्के हरे रंग की स्कूटी क्रमांक OD-30J-2346 को जब्त किया है। इसके अलावा विवो और रियलमी कंपनी के दो मोबाइल फोन भी जप्त किए गए हैं। जब्तशुदा गांजा, दोनों वाहनों एवं मोबाइल फोन सहित कुल मशरूका की अनुमानित कीमत 14 लाख 52 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

ओडिशा निवासी 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार

मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविन्द्र सोड़ी, पिता गंगा सोड़ी, उम्र 19 वर्ष, निवासी कुरकुंडी, थाना कालीमेला, जिला मलकानगिरी (ओडिशा) के रूप में हुई है। इसके अतिरिक्त एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज, तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने थाना सुकमा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) एवं 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी रविन्द्र सोड़ी को 21 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस अब गांजे के स्रोत, इसकी सप्लाई, परिवहन और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों एवं नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी

सुकमा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री अथवा अवैध गतिविधियों से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

सुकमा पुलिस का संदेश – नशामुक्त समाज, सुरक्षित समाज।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें